New Delhi(pawan pujari)
वरिष्ठ पत्रकार एवं CNN-News18 से जुड़ी पायल मेहता का रविवार तड़के मुंबई में 46 वर्ष की आयु में निधन हो गया। मुंबई प्रवास के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की खबर से पत्रकारिता जगत, राजनीतिक क्षेत्र और उनके सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई।
पायल मेहता संसद, सरकार और राष्ट्रीय राजनीति से जुड़े विषयों की रिपोर्टिंग के लिए जानी जाती थीं। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, अश्विनी वैष्णव, किरेन रिजिजू, देवेंद्र फडणवीस और हिमंत बिस्व सरमा सहित अनेक नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें मेहनती और समर्पित पत्रकार बताते हुए कहा कि उनकी रिपोर्टिंग में राष्ट्रीय मुद्दों की गहरी समझ दिखाई देती थी। उन्होंने पायल मेहता के आत्मीय और स्नेहपूर्ण व्यवहार को भी याद किया तथा उनके परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद की रिपोर्टिंग के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया, जबकि अमित शाह ने उनके पेशेवर समर्पण और विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत जानकारी देने की क्षमता को रेखांकित किया। अन्य नेताओं और पत्रकारों ने भी उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए गहरी क्षति बताया।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि
पायल मेहता जी का असमय निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक दुखद क्षति है। उनके परिवार, परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं।
ईश्वर दिवंगत पायल मेहता जी को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
भावपूर्ण श्रद्धांजलि।
ॐ शांति।
वरिष्ठ पत्रकार पायल मेहता का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर
